रायपुर, 02 जुलाई। Transgender Job Opportunity : ट्रांसजेंडर समुदाय को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए समाज कल्याण विभाग ने प्लेसमेंट एजेंसी अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से रायपुर के संबल केंद्र, आईडीएसएमटी भवन, गांधी चौक में वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन किया। इस रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम में रायपुर, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, नारायणपुर और कोंडागांव सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
10 अभ्यर्थियों का चयन
साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग 10 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता के अनुसार डेटा एंट्री ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी मैनेजर जैसे पदों पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा।
आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
कार्यक्रम में मितवा संकल्प समिति की अध्यक्ष विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। समाज कल्याण विभाग ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भविष्य में भी ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सम्मानजनक रोजगार से जुड़ सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।



