रायगढ़, 24 जून। Ethanol Plant Fraud : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इथेनॉल प्लांट परियोजना से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। आरोप है कि सामान सप्लाई के नाम पर दिल्ली की एक कंपनी ने फर्जी इनवॉयस जारी कर करीब 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है।
मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है, जहां शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इथेनॉल प्लांट प्रोजेक्ट में हुआ सौदा
जानकारी के अनुसार, नवदुर्गा फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड में 100 KLPD ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट स्थापित किया जा रहा था। इसके लिए 75 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले ग्रेन स्टोरेज साइलो की आवश्यकता थी।
इसी दौरान दिल्ली की कंपनी Ben and Gaws Pvt. Ltd. से संपर्क किया गया। यह संपर्क कंसल्टेंट के माध्यम से हुआ, जिन्होंने कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
2.17 करोड़ का भुगतान, लेकिन माल अधूरा
समझौते के बाद 20 अप्रैल 2024 को परचेज ऑर्डर जारी किया गया, जिसमें लगभग 2.97 करोड़ रुपये का सौदा तय हुआ।
कंपनी द्वारा अलग-अलग किस्तों में RTGS के जरिए 2 करोड़ 17 लाख 55 हजार रुपये का भुगतान किया गया। लेकिन इसके बदले केवल 68 लाख 90 हजार रुपये का ही सामान भेजा गया।
फर्जी इनवॉयस से 1.48 करोड़ की ठगी का आरोप
शेष राशि के लिए कंपनी ने 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये का फर्जी बिल (इनवॉयस) जारी कर दावा किया कि पूरा माल भेज दिया गया है। लेकिन कई दिनों तक सामान नहीं पहुंचने पर संदेह गहराता गया।
चेक बाउंस से खुला पूरा मामला
बाद में 1.48 करोड़ रुपये का चेक भी दिया गया, जो बैंक में जमा करने पर फंड न होने के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद कंपनी को धोखाधड़ी का शक हुआ। शिकायत के आधार पर पूंजीपथरा थाना पुलिस ने Ben and Gaws Pvt. Ltd. के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



