बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर से जुड़ी हालिया चोरी की घटना को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी और भाजपा व आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए।
यह भी पढ़े :- कोरिया तिहरा हत्याकांड पर गरमाई सियासत, पीड़ित परिवार से मिले भूपेश बघेल
भूपेश बघेल ने कहा कि इतिहास में महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर की लूट का उल्लेख मिलता है, लेकिन आज देश में स्थिति यह है कि आरएसएस और बजरंग दल जैसे संगठन “देश को लूटने” का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में रायगढ़ से लेकर बस्तर तक राम के नाम पर लोगों को प्रभावित कर राजनीतिक लाभ लिया जा रहा है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अपने अंदाज में कहा, “कका अभी जिंदा हे… और कका का तेवर बरकरार रहेगा,” लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि चुनाव सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए बघेल ने कहा कि किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक ओर मौसम की मार, दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें और नकली खाद की समस्या से किसान परेशान हैं। इसके अलावा बिजली बिल और स्कूलों में किताब-बस्ते की कमी को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
बिलासपुर सेंट्रल जेल में हाल ही में हुई चाकूबाजी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उनके अनुसार अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिससे आम जनता, व्यापारी और व्यवसायी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब जेल के अंदर भी कैदी सुरक्षित नहीं हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
राहुल गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा उन्हें बदनाम करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जब भी राहुल गांधी बोलते हैं, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से लेकर कार्यकर्ता तक सक्रिय हो जाते हैं। बघेल के अनुसार, भाजपा को यदि किसी नेता से सबसे अधिक डर है तो वह राहुल गांधी हैं।



