कोरिया, 19 जून। Korea News : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पटना थाना क्षेत्र के कटकोना पंडोपारा में एक पति पर अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, पति ने उसका मुंडन कर दिया, चेहरे पर कालिख पोत दी और कथित तौर पर जबरन अपना तथा बच्चों का पेशाब पिलाया। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो भी बनवाया गया, जिसमें आरोपी यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, इतिहास बन जाएगा।
पति से अलग रह रही थी महिला
सूरजपुर जिले के करंजी गांव की रहने वाली पीड़िता तारा बाई ने पटना थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब एक साल से अपने पति जितेंद्र घसिया और बच्चों से अलग रह रही थी। वर्तमान में वह कटकोना के पंडोपारा घसिया मोहल्ले में रमेश नामक व्यक्ति के साथ रह रही थी। महिला का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उसका पति जितेंद्र घसिया वहां पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर महिला के बाल काट दिए, चेहरे पर कालिख पोत दी और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया।
बच्चों से भी पिटवाने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि अपने कहने पर बच्चों से भी मां को थप्पड़ मरवाए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने बच्चे से महिला को पेशाब पिलवाया और फिर खुद भी ऐसा करने के लिए मजबूर किया। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब पुलिस जांच का हिस्सा है।
पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं, आरोपी पति जितेंद्र घसिया ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि उसकी पत्नी पहले भी अपने जीजा और भांजे के साथ घर छोड़कर जा चुकी है। आरोपी का कहना है कि इसी कारण दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों ने वर्ष 2006 में प्रेम विवाह किया था।
वीडियो के साथ थाने पहुंची पीड़िता
महिला ने घटना का वीडियो पुलिस को सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पटना थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि घटना दो दिन पुरानी है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 85 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



