महासमुंद, 19 जून। Ganja Smuggling : छत्तीसगढ़ की महासमुंद जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य सरगना और मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी विनय शर्मा उत्तरप्रदेश के शामली जिले का निवासी है और ओडिशा से उत्तरप्रदेश तक फैले गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विनय शर्मा उत्तरप्रदेश और आंध्रप्रदेश में शराब ठेकों का संचालक है। आरोप है कि वह शराब कारोबार की आड़ में सूखे नशे के अंतरराज्यीय कारोबार को संचालित कर रहा था।
महासमुंद पुलिस लंबे समय से ओडिशा के कंधमाल जिले से कच्चे केले की आड़ में गांजा परिवहन किए जाने के मामले की जांच कर रही थी। इसी जांच के दौरान विनय शर्मा का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने सूक्ष्म तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल सर्विलांस और गूगल डेटा की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया जा रहा है। यहां उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, वित्तीय लेनदेन और तस्करी के पूरे रूट का खुलासा किए जाने की संभावना है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



