अयोध्या, 16 जून। Ram Mandir Donation Theft : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। इस मामले में दो अलग-अलग शिकायतों के आधार पर दो एफआईआर दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
धर्मसेना के संस्थापक संतोष दुबे ने राम जन्मभूमि थाने में शिकायत दी है, जबकि यूपी युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने भी एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन देने की घोषणा की है।
इधर, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) एक बार फिर राम मंदिर पहुंची और संदिग्ध कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। जांच टीम ने सोमवार को ट्रस्ट महासचिव चंपत राय समेत कई पदाधिकारियों और 42 कर्मचारियों से पूछताछ की थी।
सूत्रों के मुताबिक, चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 5 लोगों के नाम सामने आए हैं। उनकी निशानदेही पर करीब 2 करोड़ रुपये की बरामदगी भी हो चुकी है। मामले में दो आरोपी पुलिस हिरासत में बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर CBI जांच की मांग की है। अब सभी की निगाहें SIT की जांच और संभावित एफआईआर पर टिकी हैं, जिससे मामले में नए खुलासे होने की संभावना बढ़ गई है।



