नारायणपुर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को जय स्तंभ चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका और पुलिस की टीम को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा, जब एक महिला जेसीबी मशीन के सामने लेट गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़े :- भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी, कर्मचारी अंदर फंसे, प्रशासन मौके पर
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका की टीम फुटकर व्यवसायियों और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने के लिए जय स्तंभ चौक पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक महिला जेसीबी मशीन के सामने लेट गई और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। महिला का आरोप था कि शहर में कई स्थानों पर अतिक्रमण मौजूद हैं, लेकिन प्रशासन केवल चुनिंदा लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
महिला के विरोध के बाद कुछ समय तक कार्रवाई बाधित रही। मौके पर मौजूद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। महिला को हटाए जाने के बाद नगर पालिका की टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान कुल सात दुकानों और अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस की टीम पूरे समय मौके पर तैनात रही।
नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित लोगों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं कार्रवाई के दौरान हुए विरोध को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।



