रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के चर्चित मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है। वीडियो में पीड़िता के दादा को कथित तौर पर आरोपी पक्ष से रुपए लेते हुए दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की दोबारा समीक्षा शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- अब सरकार से सीधे संवाद, सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ
रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे तथ्यों की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर वीडियो में कथित लेन-देन दिखाई देने की बात सामने आई है, इसलिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
एसपी ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को पुलिस पहले से ही गंभीरता से देख रही है। विवेचना के दौरान लापरवाही पाए जाने पर सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को निलंबित किया जा चुका है, जबकि मामले की जांच धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान को सौंपी गई है।
जांच में पहले यह तथ्य सामने आया था कि नाबालिग के कथित परिचित युवक और उसके एक साथी ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है।
घटना के बाद से ही क्षेत्र में मामले को प्रभावित करने और समझौते के लिए कथित आर्थिक लेन-देन की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि उस समय इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तकनीकी और तथ्यात्मक जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कितना प्रामाणिक है और उसमें दिख रहे लोगों की भूमिका क्या है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता, साक्ष्यों से छेड़छाड़ या मामले को प्रभावित करने की कोशिश सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना से भी इंकार नहीं किया गया है।



