जगदलपुर। जगदलपुर नगर निगम ने वर्षों से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। विशेष कार्रवाई के तहत संजय बाजार स्थित 15 दुकानों को सील कर दिया गया, जबकि बकाया किराये के रूप में 1 लाख 42 हजार 640 रुपये की वसूली भी की गई।
यह भी पढ़े :- घी खरीदने जा रहे कारोबारी से दिनदहाड़े 3.50 लाख की लूट, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
नगर निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने बताया कि निगम की लगभग 60 दुकानों पर करीब 40 लाख रुपये का किराया बकाया है। बकायेदारों को कई बार नोटिस जारी कर भुगतान के लिए कहा गया, लेकिन निर्धारित समय में राशि जमा नहीं की गई।
लगातार चेतावनी के बावजूद किराया नहीं चुकाने पर निगम आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग ने सीलिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बकायेदार दुकानों को सील किया और किराया जमा करने के निर्देश दिए।
नगर निगम का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन दुकानदारों पर किराया बकाया है, उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों का उपयोग करने वाले किरायेदारों को समय पर किराया जमा करना होगा, अन्यथा नियमों के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।
निगम अधिकारियों के मुताबिक, बकाया राशि की वसूली और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में अन्य बाजार क्षेत्रों में भी जांच और कार्रवाई की जाएगी।



