नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन पोर्टल सक्रिय कर दिया है। अब वे छात्र, जिन्होंने अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर ली है और अपने अंकों की पुनः जांच करवाना चाहते हैं, आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़े :- CG Weather: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर-बिलासपुर समेत 15 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
सीबीएसई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए बताया कि वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन पोर्टल अब लाइव हो चुका है। बोर्ड ने छात्रों को आवेदन प्रक्रिया समझाने के लिए चरणबद्ध निर्देश और वीडियो भी जारी किए हैं।
6 जून तक खुला रहेगा पोर्टल
बोर्ड के अनुसार, वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन विंडो 6 जून 2026 तक खुली रहेगी। इससे पहले पोर्टल को 29 मई को शुरू किया जाना था, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते इसे निर्धारित समय पर लॉन्च नहीं किया जा सका। सोमवार को भी पोर्टल मेंटेनेंस मोड में था, जिसके बाद इसे छात्रों के लिए सक्रिय किया गया।
वीडियो में देखें: री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
पात्र छात्र री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर लॉग इन कर संबंधित प्रश्नों का चयन कर सकते हैं, जिनके पुनर्मूल्यांकन की मांग की जानी है। इसके बाद निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
यह रहेगा शुल्क
सीबीएसई द्वारा निर्धारित शुल्क इस प्रकार है—
- मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी: ₹100 प्रति विषय
- अंकों का सत्यापन (Verification): ₹100 प्रति विषय
- री-इवैल्यूएशन: ₹25 प्रति प्रश्न
अंक बढ़ने पर मिलेगा शुल्क वापसी का लाभ
इस वर्ष सीबीएसई ने एक नई रिफंड नीति लागू की है। इसके तहत यदि री-इवैल्यूएशन के बाद किसी छात्र के अंक बढ़ते हैं, तो जिन प्रश्नों के कारण अंक बढ़े होंगे, उन प्रश्नों के लिए जमा री-इवैल्यूएशन शुल्क वापस कर दिया जाएगा।
री-इवैल्यूएशन के बाद प्राप्त अंक ही होंगे अंतिम
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद छात्रों के अंक बढ़ सकते हैं, घट सकते हैं या यथावत रह सकते हैं। री-इवैल्यूएशन के बाद जो अंक निर्धारित होंगे, उन्हें ही अंतिम माना जाएगा और वही छात्र के आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज किए जाएंगे।
सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया का परिणाम अंतिम होगा और इसके बाद किसी अन्य स्तर पर पुनः दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।



