सुल्तानपुर, 01 जून। Child Abuse : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही ढाई साल की मासूम बेटी के साथ ऐसी हैवानियत की, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मासूम पर बरसाए लात-घूंसे
मामला कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर इलाके का है। वायरल वीडियो में आरोपी मोनू उर्फ योगेन्द्र सिंह अपनी छोटी बच्ची को बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है। बच्ची दर्द से तड़पती रही, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने बच्ची को सड़क किनारे बह रहे गंदे नाले में कई बार डुबोने की कोशिश की। मासूम खुद को बचाने के लिए संघर्ष करती रही।
लोगों ने बचाई बच्ची की जान
घटना देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को बचाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब लोगों ने आरोपी को रोकना चाहा तो वह और ज्यादा आक्रामक हो गया। उसने एक घर का दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस एक्शन
घटना का वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति बच्ची का पिता मोनू उर्फ योगेन्द्र सिंह ही है। पुलिस ने वायरल वीडियो (Father Brutality) को अहम सबूत मानते हुए आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।



