रायपुर : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी कावेरी विहार कॉलोनी में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। युवक को नग्न कर कॉलोनी की सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- मारपीट और छोटे अपराधों पर सख्ती, पुलिस अब थाने से छोड़ने की बजाय सीधे कोर्ट में पेश कर रही आरोपियों को
जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान अमरदास के रूप में हुई है, जो कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी कॉलोनी में घरों में काम करती है। बताया जा रहा है कि अमरदास शराब का आदी है और घटना के दिन वह नशे की हालत में एक परिचित की बाइक लेकर बाहर गया था, लेकिन वापस लौटते समय बाइक साथ नहीं लाया। आरोप है कि उसने बाइक बेच दी।
बाइक मालिक ने उतारा गुस्सा
बाइक वापस नहीं मिलने से नाराज वाहन मालिक ने अमरदास की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि उसे कपड़े उतरवाकर नग्न किया गया और कॉलोनी की सड़कों पर दौड़ाते हुए पीटा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की।
खून से लथपथ हालत में भागता रहा युवक
घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागता नजर आया। कुछ लोगों ने उसे वहां से हटने की भी सलाह दी।
एक सप्ताह पुराना वीडियो हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है, जिसका वीडियो अब सामने आया है और वायरल हो रहा है।
पुलिस ने शिकायत का इंतजार बताया
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह के अनुसार, मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



