रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से लाखों रुपये के बिजली सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों समेत कबाड़ी संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन और बिजली वायर सहित कुल 82 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक मठपुरैना निवासी रविकांत वर्मा ने 14 मई को टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोर ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन और बड़ी मात्रा में बिजली वायर चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 82 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत धारा 331(4), 305 और 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देशन में टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर दो नाबालिग लड़कों की पहचान की।
पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने चोरी का सामान एक्टिवा वाहन से शंकर नगर क्षेत्र ले जाकर कबाड़ी संचालक गणेश उर्फ आसिफ खान को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी दुकान पर दबिश देकर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन और बिजली वायर जब्त किए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और सामान बेचकर प्राप्त रकम भी बरामद की गई है। दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी गणेश उर्फ आसिफ खान, निवासी अमन नगर मोवा रेलवे क्रॉसिंग के पास, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



