नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा जनता से पेट्रोल, डीजल, गैस और सोने की खरीद में संयम बरतने की अपील अब सियासी विवाद का बड़ा मुद्दा बन गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने प्रधानमंत्री पर जोरदार हमला बोलते हुए इसे सरकार की “नाकामी” करार दिया।
यह भी पढ़े :- पेट्रोल बचाएं, एक साल तक सोना खरीदने से बचें : प्रधानमंत्री मोदी
सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी ने लिखा, “PM मोदी जनता से कह रहे हैं- सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, खाने का तेल और खाद कम करो, मेट्रो में चलो और घर से काम करो। ये सलाह नहीं, बल्कि उनकी नीतियों की विफलता का प्रमाण है।”
राहुल गांधी ने मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां सरकार जनता की जिंदगी तक नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “हर संकट में जिम्मेदारी जनता पर डाल दी जाती है ताकि सरकार खुद जवाबदेही से बच सके। देश चलाना अब ‘Compromised PM’ के बस की बात नहीं रह गई है।”
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान वैश्विक हालात और खाड़ी क्षेत्र में गहराते संकट का हवाला देते हुए लोगों से ईंधन और संसाधनों के सीमित उपयोग की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे भारत पर विदेशी मुद्रा का दबाव बढ़ सकता है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो का इस्तेमाल बढ़ाने, माल ढुलाई के लिए रेलवे को प्राथमिकता देने तथा कोरोना काल की तरह वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन मीटिंग जैसी व्यवस्थाओं को अपनाने की सलाह दी थी। साथ ही उन्होंने अगले एक साल तक सोने की खरीद टालने की अपील भी की थी।




