कबीरधाम जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। मामला Kunda थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। दोनों सारंगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार सुबह कृष्णा अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई। हादसे में पति-पत्नी ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका 4 वर्षीय बेटा दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो चुका था। घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल और कुण्डा थाना के पास चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क के शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया, जो बारिश के चलते कीचड़ में बदल गई है। इससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीण सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कहते रहे।



