कोरबा। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी इलाके में हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है।
घटना 27 मार्च की सुबह लगभग 10:45 बजे की है, जब पंप हाउस निवासी आशा खेवरार पैदल ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज करते हुए 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। लंबी जांच के बाद पुलिस ने पुरानी बस्ती धनवार पारा निवासी शक्ति कुमार साहीस (19) और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। इसी गुस्से में वह अपने साथी के साथ चाकू लेकर निकला था और रास्ते में उसे जो युवती मोबाइल पर बात करते दिखी, उस पर अचानक हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को भ्रम था कि वह युवती भी उसे धोखा दे सकती है, जिसके चलते उसने यह हमला किया।
फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



