अंबिकापुर/ रायपुर. सरगुजा जिले के अम्बिकापुर स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज दस्तक दे दी। ईडी की टीम ने बैंक में सैकड़ों किसानों के खातों से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी और सेंधमारी के मामले में आज जांच शुरू की है।
यह भी पढ़े :- ब्रेकअप के गुस्से में युवती पर चाकू से हमला, मुख्य आरोपी और नाबालिग साथी गिरफ्तार
यह कार्यवाही बैंक के कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों और बाहरी लोगों के मिलीभगत से हुए कथित घोटाले की जांच के तहत की गई है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार कई किसानों के खातों में जमा और ऋणों के रूप में एक बड़ी राशि बिना उनकी जानकारी के निकाल ली गई थी, जिसकी शिकायतें लगातार आ रही थीं। इसके साथ ही बैंक के वार्षिक आडिट रिपोर्ट में भी बड़ी मात्रा में हेरफेर किया गया है।

ईडी की टीम ने आज अचानक बैंक पहुंच कर सभी खाताधारकों के रिकॉर्ड, ऋणों से संबंधित दस्तावेज, कंप्यूटर डेटा और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यालयों की तलाशी ली है। कार्यवाही के दौरान अति महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। ईडी अब इन घोटालो और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। यदि मिलीभगत साबित हुई तो दोषियों पर मनी लॉन्ड्रिंग समेत सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने रायपुर न्यूज नेटवर्क और RNN24 न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि उन्हें इस विषय की जानकारी नहीं है और यदि ईडी कार्यवाही कर रही है तो ये केंद्र सरकार से जुड़ा मामला है इस विषय में वह कुछ नहीं कह सकते। वहीं इस पूरे मामले में जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्राकर का कहना है कि तीन दिन पूर्व ईडी का पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें ऋणों और आडिट से संबंधित सभी जानकारी ईडी ने मांगी है हम उन्हें उपलब्ध करा रहे हैं।
बैंक के अध्यक्ष राम किशुन सिंह ने कहा कि बैंक को ईडी का पत्र प्राप्त हुआ है पंरतु ईडी की छापेमारी की खबर सही नहीं है। लेकिन विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज ईडी की टीम जिला सहकारी बैंक अम्बिकापुर पहुंची है और सारे दस्तावेजों को खंगाल रही है।



