बीजापुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 199वीं वाहिनी की बी कंपनी ने पीडिया क्षेत्र के गोटपल्ली गांव के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डंप बरामद किया है।

यह कार्रवाई कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और द्वितीय कमान अधिकारी विनोद कुमार की देखरेख में तथा कंपनी कमांडर राजीव कुमार के नेतृत्व में की गई। सूचना के आधार पर जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई। इसमें आईईडी बनाने के सामान जैसे कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर सहित कई विस्फोटक संबंधी वस्तुएं शामिल हैं। इसके अलावा बीजीएल राउंड, गोलियों के खाली खोखे, वायरलेस सेट, नक्सली साहित्य और ड्रिलिंग टूल्स समेत कुल 47 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है।
सुरक्षा बलों के अनुसार गोटपल्ली और आसपास का क्षेत्र पहले नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील रहा है, लेकिन लगातार अभियानों के चलते अब यहां नक्सली प्रभाव में कमी आई है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
अभियान के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सीआरपीएफ ने कहा है कि भविष्य में भी ऐसे सूचना आधारित अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और शांति एवं विकास सुनिश्चित किया जा सके।




