दुर्ग। जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां करंट की चपेट में आए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़े :- टीवी-फ्रिज की गलत दिशा बिगाड़ सकती है घर का वास्तु, राहु का बढ़ सकता है प्रभाव
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर लगभग 25 वर्षीय अज्ञात युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर करंट से झुलसने के स्पष्ट निशान थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक आधी रात के समय गीतांजलि एक्सप्रेस के इंजन के ऊपर चढ़ गया था। इसी दौरान हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर वह नीचे गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह कुछ दूरी तक चला, लेकिन सुबह ट्रैक पर ही अचेत अवस्था में मिला।
मौके पर पहुंची टीम ने युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जीआरपी दुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी चौकी के प्रधान आरक्षक विजय कुमार पैकरा के अनुसार, युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वह ग्रे रंग का हाफ पैंट पहने हुए था और उसके दाहिने हाथ में लाल-पीले रंग का धागा बंधा हुआ था। युवक का रंग गोरा, बाल घुंघराले तथा दाढ़ी-मूंछ काली थी।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है और परिजनों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक रूप से अस्थिर होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच जारी है।



