नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, अशोक कुमार मित्तल और संदीप पाठक ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐलान किया। तीनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
यह भी पढ़े :- रायपुर सेंट्रल जेल में सनसनी: महिला कैदी की आत्महत्या कोशिश, स्टाफ पर गंभीर आरोप
राघव चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सांसदों के समर्थन के साथ वे संवैधानिक प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हस्ताक्षरित पत्र और आवश्यक दस्तावेज राज्यसभा अध्यक्ष को सौंप दिए गए हैं।
चड्ढा ने AAP पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और मूल्यों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा, “जिस पार्टी को मैंने अपने 15 साल दिए, वह अब देशहित के बजाय निजी हितों के लिए काम कर रही है। मुझे महसूस हुआ कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं, इसलिए यह निर्णय लिया।”
उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा में AAP के कुल 10 सांसदों में से दो-तिहाई से अधिक सदस्य इस फैसले के साथ हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ अशोक कुमार मित्तल और संदीप पाठक मौजूद रहे, जबकि अन्य सांसदों के समर्थन का भी दावा किया गया।
इस घटनाक्रम को AAP के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। वहीं, भाजपा के लिए यह एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है।



