बिलासपुर। जिले के तिफरा स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में तीसरी मंजिल से गिरने की घटना में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है।
यह भी पढ़े :- AAP को बड़ा झटका: राघव चड्ढा समेत तीन सांसदों का इस्तीफा, BJP में विलय का ऐलान
घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसमें युवक चिरंजीव उर्फ चिंटू पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती के बयान में सामने आया है कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में छत की रेलिंग पर बैठे हुए थे और बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से युवक नीचे गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में युवती भी असंतुलित होकर तीसरी मंजिल से गिर गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।



