रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में तीखा विवाद शुरू हो गया है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़े :- महादेवघाट में संदिग्ध हालत में महिला की लाश मिली, हत्या की आशंका
अजय चंद्राकर ने खड़गे के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास विवादों से जुड़ा रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा। चंद्राकर ने खड़गे के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि उन्हें अपने शब्दों पर नियंत्रण रखना चाहिए।
इधर, बस्तर में सचिन तेंदुलकर के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने इस दौरे का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए सकारात्मक बताया है। जानकारी के अनुसार, दौरे के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए गीदम के जांवगा, पनेड़ा और छिंदनार को शामिल किया गया है।
वहीं कांग्रेस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पार्टी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है, जबकि वह नक्सलवाद खत्म करने के दावे करती है।
इस पर पलटवार करते हुए अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि इस तरह की बयानबाजी से राज्य की छवि खराब होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार छत्तीसगढ़ को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
इसी बीच विधानसभा के संभावित विशेष सत्र को लेकर भी बयानबाजी जारी है। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत द्वारा उठाए गए सवालों पर चंद्राकर ने कहा कि सत्र का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सभी बातें स्पष्ट हो जाएंगी।
बंगाल चुनाव और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी दोनों दलों के बीच जुबानी जंग जारी है। भाजपा का कहना है कि वह अपने मुद्दों को जनता के बीच ले जा रही है, जबकि कांग्रेस लगातार सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।



