मनेन्द्रगढ़। जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र के खिरकी गांव में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में एक घर में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- मधुशाला बार में बीयर की बोतल से सिर पर हमला, व्यापारी घायल
बताया जा रहा है कि तेंदुआ घर के अंदर बैठा मिला, जिसे देखते ही परिजनों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाकर बाहर भागे। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी घर छोड़कर बाहर निकल आए।
मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से वन्यजीवों की निगरानी बढ़ाने और समय पर सूचना देने की मांग की है। वहीं, अधिकारियों ने रेस्क्यू किए गए तेंदुए को सुरक्षित जंगल में छोड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।



