रायपुर। राजधानी के रायपुरा चौक स्थित मधुशाला बार में देर रात एक चौंकाने वाली मारपीट की घटना सामने आई है। एक युवक ने बार में घुसकर किराना व्यापारी के सिर पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- NH-130C पर चक्काजाम: पुलिया निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, जामगांव निवासी किराना व्यापारी संदीप अग्रवाल 18 अप्रैल की रात अपने मित्र अनिवेश प्रताप सिंह के साथ मधुशाला बार में गए थे। रात करीब 11:30 बजे दोनों बार के बाहर खड़े थे। तभी चंगोराभाठा निवासी हर्ष शुक्ला ने तेज रफ्तार से कार चलाते हुए अचानक उनके सामने गाड़ी रोक दी।
इस अचानक हरकत से घबरा कर दोनों बार के अंदर चले गए, लेकिन आरोप है कि हर्ष शुक्ला भी उनके पीछे-पीछे बार में घुस आया। वहां उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और फ्रिज से बीयर की बोतल निकालकर संदीप अग्रवाल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। हमले में संदीप के सिर पर गहरी चोट आई और खून बहने लगा।
घटना के दौरान मौजूद अनिवेश प्रताप सिंह ने तुरंत बीच-बचाव किया, जिससे मामला और नहीं बिगड़ा। इसके बाद आरोपी हर्ष शुक्ला मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।



