US Iran Strait Of Hormuz Blockade : खाड़ी क्षेत्र में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी नाकेबंदी के करीब आने वाले किसी भी जहाज को “तुरंत और बेरहमी से नष्ट” कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़े :- अंबिकापुर में साड़ी खरीद घोटाले को लेकर विरोध, मंत्री के इस्तीफे की मांग
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की नौसेना को भारी नुकसान पहुंचाया है और अब तक 150 से अधिक जहाजों को निशाना बनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान के ‘फास्ट अटैक शिप्स’ अमेरिकी नाकेबंदी के पास आते हैं, तो उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले जहाजों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। हालांकि, अन्य देशों के जहाजों की सामान्य आवाजाही को पूरी तरह रोकने से इनकार किया गया है।
ईरान की चेतावनी: बंदरगाहों को बना सकते हैं निशाना
इधर, ईरान ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यदि उसके जहाजों को रोका गया, तो वह खाड़ी क्षेत्र के अन्य देशों के बंदरगाहों और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है। तेहरान का कहना है कि वह अपने व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए हर कदम उठाने को तैयार है।
छोटे जहाज बने बड़ी चुनौती
अमेरिका का दावा है कि उसने ईरानी नौसेना को काफी हद तक कमजोर कर दिया है, लेकिन खतरा अभी भी बरकरार है। इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के पास छोटे और तेज हमलावर जहाजों का बेड़ा मौजूद है, जो खाड़ी जैसे संकरे समुद्री इलाकों में बेहद कारगर माने जाते हैं। ये जहाज तेजी से हमला करने, मिसाइल दागने और समुद्री माइंस बिछाने में सक्षम हैं।
रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य की चौड़ाई सबसे संकरे हिस्से में करीब 20 मील है, जिससे ऐसे छोटे जहाजों को ऑपरेशन में बढ़त मिलती है।
ब्रिटेन-फ्रांस ने बनाई दूरी
इस बीच, ब्रिटेन और फ्रांस जैसे नाटो सहयोगियों ने साफ कर दिया है कि वे इस नाकेबंदी का हिस्सा नहीं बनेंगे। इन देशों का कहना है कि उनका फोकस क्षेत्र में तनाव कम करने और समुद्री मार्ग को सामान्य करने पर है। (US Iran Strait Of Hormuz Blockade)
गौरतलब है कि दुनिया के करीब 20% तेल की आपूर्ति इसी मार्ग से होती है, लेकिन मौजूदा तनाव के चलते जहाजों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस पर टिकी हैं। (US Iran Strait Of Hormuz Blockade)



