लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 6:30 बजे परिसर से धुआं उठता देख लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने स्टोर रूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन करने के साथ तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
आगजनी की घटना में स्टोर रूम में रखा फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन सहित अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कमरे के भीतर रखा अधिकांश सामान धुएं और लपटों की चपेट में आ गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय सर्किट हाउस में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



