अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खरीदी गई साड़ियों में कथित अनियमितताओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। महिला कांग्रेस सरगुजा ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की।
यह भी पढ़े :- रायपुर में चोरी का सनसनीखेज खुलासा! 6 आरोपी सलाखों के पीछे
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के घड़ी चौक पर नारेबाजी करते हुए मंत्री का पुतला दहन किया। संगठन की जिला अध्यक्ष सीमा सोनी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खरीदी गई साड़ियों में करीब 9.7 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। उनका कहना है कि साड़ियों की लंबाई निर्धारित मानकों से कम है और गुणवत्ता भी खराब है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साड़ियों की खरीदी टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से की गई है और उनका वितरण भी किया जा चुका है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित मामलों में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी राजनीति करने का आरोप लगाया।
फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और मामले की जांच की मांग उठ रही है।



