अंबिकापुर। सीतापुर क्षेत्र में नायब तहसीलदार तुषार मानिक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। विधायक की बहन द्वारा बदसलूकी का आरोप लगाए जाने और उसके बाद हुए विवाद के बीच अब एक महिला ने भी नायब तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सीतापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़े :- गरियाबंद सर्किट हाउस में आग, स्टोर रूम का सामान जलकर राख
शिकायतकर्ता 53 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2024-25 में नगर पंचायत चुनाव के दौरान, जब वह पार्षद पद की प्रत्याशी थीं, तब नायब तहसीलदार तुषार मानिक सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। महिला का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान अधिकारी ने उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कराने का आश्वासन देते हुए बदले में उनसे व्यक्तिगत रूप से समय देने की मांग की थी।

महिला के अनुसार, जब उन्होंने अपने पुत्र को बातचीत के लिए भेजने की बात कही, तब कथित तौर पर नायब तहसीलदार ने कहा कि उन्हें उनके बेटे से नहीं, बल्कि उनसे बात करनी है। महिला ने इसे अनुचित और आपत्तिजनक व्यवहार बताते हुए मामले की शिकायत पुलिस से की है।
महिला ने अपने आवेदन में नायब तहसीलदार के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले सीतापुर विधायक की बहन ने भी राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। इसके बाद हुए विवाद में मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।



