रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां महज दो दिनों में मातम में बदल गईं। कापू थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपोड़ी निवासी 35 वर्षीय देवांगन सिदार की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं नई-नई दुल्हन और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़े :- Bihar New CM: बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर हलचल तेज, शिवराज सिंह चौहान बने पर्यवेक्षक
जानकारी के अनुसार, देवांगन सिदार की शादी 8 अप्रैल को जशपुर में संपन्न हुई थी। इसके बाद 9 अप्रैल को उनके गृह ग्राम ठाकुरपोड़ी में रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। परिवार में खुशियों का माहौल था और सभी नए रिश्ते को लेकर उत्साहित थे।
इसी बीच 10 अप्रैल को एक दर्दनाक हादसे ने सब कुछ बदल दिया। बताया जा रहा है कि देवांगन सिदार अपने तीन साथियों के साथ अपने चाचा के ट्रैक्टर में टेंट का सामान लौटाने के लिए निकला था। सतीपारा के पास पहुंचते ही अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में देवांगन सिदार ट्रैक्टर के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस हादसे में सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार भी घायल हुए हैं। इनमें सीमोन एक्का की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज पत्थलगांव अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है।



