कबीरधाम। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मीरमिट्टी में भेड़-बकरियां चराने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान धन्ना (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह राजस्थान से आए चरवाहों की टीम के साथ यहां पशुपालन का काम कर रहा था।
घटना के समय धन्ना खेतों में भेड़-बकरियां चरा रहा था। अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली सीधे धन्ना पर गिरने से वह मौके पर ही ढेर हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चरी में भेज दिया गया है।
प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। इस तरह के मौसम संबंधी हादसों में जानमाल की हानि को देखते हुए स्थानीय लोगों को खुली जगहों पर सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



