रायपुर, 04 अप्रैल। Hospital roof Collapses : राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित ILS हॉस्पिटल में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के चौथे फ्लोर की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे 4 से अधिक मरीज घायल हो गए। घटना के बाद पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब वार्ड में मरीजों (Hospital roof Collapses) का इलाज चल रहा था। अचानक तेज आवाज के साथ छत का एक हिस्सा गिर पड़ा और वहां मौजूद मरीज व उनके परिजन उसकी चपेट में आ गए। मलबा गिरते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के साथ ही गंभीर मरीजों को अस्पताल के अन्य सुरक्षित वार्ड में स्थानांतरित किया गया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छत गिरने की वजह निर्माण कार्य में संभावित खामी या भवन के पुराने ढांचे की कमजोरी हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल की निर्माण गुणवत्ता (Hospital roof Collapses) और मेंटेनेंस को लेकर नाराजगी जताई है। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



