रायपुर (Flyovers in Raipur)। राजधानी में यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में इस वर्ष चार नए फ्लाईओवर (Flyovers in Raipur) और ओवरपास बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने इन परियोजनाओं के लिए कुल 360 करोड़ 35 लाख 93 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।
यह भी पढ़े :- School Scam : गरियाबंद में स्कूल जतन योजना में बड़ा खेल…! कागजों में बना भवन…स्वीकृत राशि के बाद भी अधूरा निर्माण
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर इन कार्यों को मंजूरी दी गई है। विभाग के अनुसार, फ्लाईओवर निर्माण से शहर के व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यातायात सुगम होगा।
जी.ई. रोड पर गुरू तेज बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक (तेलीबांधा) तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए 172 करोड़ 86 लाख 28 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। रिंग रोड क्रमांक-2 स्थित सोनडोंगरी चौक पर ओवरपास के लिए 43 करोड़ 89 लाख 17 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
इसी तरह वीआईपी रोड के फुंडहर चौक में ओवरपास निर्माण के लिए 56 करोड़ 7 लाख 35 हजार रुपए तथा अटल पथ एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में ग्रेड सेपरेटर के लिए 87 करोड़ 53 लाख 13 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है।
मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार शहर में यातायात को तेज, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और आम लोगों को राहत मिलेगी। (Flyovers in Raipur)



