रायपुर। सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन 81वें दिन भी जारी रहा। न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से दण्डवत प्रणाम करते हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा घेराव के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें आधे रास्ते में ही रोक दिया।
मौके पर मौजूद एसडीएम ने बताया कि अभ्यर्थी बॉन्ड भरकर अनशन पर बैठे हुए हैं, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आगे बढ़ने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नया रायपुर तूता स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं। वे 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 2 अप्रैल 2024 और 26 सितंबर 2025 को तथा सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने 28 अगस्त 2024 को स्पष्ट आदेश दिया था कि 2621 बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के स्थान पर 2621 डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण अब भी 1326 पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग ने 2621 पदों पर बिना दस्तावेज सत्यापन के ही कॉमन मेरिट सूची के आधार पर स्कूल आवंटन कर दिया, जिससे कई अपात्र अभ्यर्थियों को भी स्कूल मिल गए। इसके कारण बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित रह गए।
डीएड अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सभी पात्र अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए।



