रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का खतरनाक रूप सामने आया है। विधानसभा थाना क्षेत्र में दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान भोजराज विश्वकर्मी, उनकी पत्नी प्यारी बाई विश्वकर्मा और शुभम यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बाइक तेज गति से आ रही थीं और लापरवाही के चलते आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोनों बाइकों की गति, लाइसेंस, फिटनेस समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।



