रायपुर। नए साल के पहले महीने जनवरी में देश के गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) कलेक्शन में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में कुल GST कलेक्शन 6.2 प्रतिशत बढ़कर 1,93,384 करोड़ रुपये हो गया। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से मजबूत घरेलू आर्थिक गतिविधियों और इंपोर्ट रेवेन्यू में बेहतर प्रदर्शन के कारण हुई है। पिछले साल जनवरी 2025 में GST कलेक्शन 1,82,094 करोड़ रुपये रहा था।
जनवरी के लिए नेट GST रेवेन्यू 1,70,719 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो साल-दर-साल आधार पर 7.6 प्रतिशत अधिक है। वहीं, चालू वित्त वर्ष में अब तक नेट GST रेवेन्यू 15,95,752 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जो 6.8 प्रतिशत की वार्षिक ग्रोथ दर्शाता है।
रिफंड के मोर्चे पर मिला-जुला रुझान देखने को मिला। जनवरी में कुल रिफंड 22,665 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की तुलना में 3.1 प्रतिशत कम है। घरेलू रिफंड 7.1 प्रतिशत घटकर 13,119 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक्सपोर्ट रिफंड 2.9 प्रतिशत बढ़कर 9,546 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो हरियाणा (27%), महाराष्ट्र (15%), गुजरात (13%) और हिमाचल प्रदेश (18%) जैसे औद्योगिक राज्यों में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं मध्य प्रदेश (-15%), झारखंड (-6%), ओडिशा (-10%) और छत्तीसगढ़ (-23%) में गिरावट देखने को मिली। कुल मिलाकर, GST Collection January के आंकड़े देश की अर्थव्यवस्था में स्थिर मजबूती का संकेत देते हैं।



