बिलासपुर। जिले में जेसीबी बेचने के लालच में एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ठगी की शिकायत पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता शहडोल जिले के जैतपुर कलहथा निवासी मोहम्मद शाहनवाज खान ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि तालापारा निवासी बाबा खान ने उनसे फोन पर संपर्क किया और फाइनेंस कंपनी द्वारा खींची गई एक जेसीबी बेचने की बात कही। बातचीत के दौरान जेसीबी खरीदने का सौदा तय हो गया।
शाहनवाज खान ने आरोपी बाबा खान और भरत गुप्ता को जेसीबी खरीदने के बदले पहले 16 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए। उसके बाद बैंक के सभी दस्तावेज तैयार करने के नाम पर अतिरिक्त 4 लाख रुपये और दिए गए। कुल 20 लाख रुपये देने के बाद भी आरोपी जेसीबी उनके नाम पर ट्रांसफर नहीं कर रहे थे।
जब शिकायतकर्ता ने जेसीबी के संचालक राज देवांगन से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि बैंक में राशि जमा नहीं होने के कारण जेसीबी किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई है। इसके बाद शाहनवाज खान ने बाबा खान और भरत गुप्ता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल लगातार बंद आ रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरटीजीएस ट्रांजेक्शन की डिटेल्स, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल नंबरों के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।



