लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले के लोहरसी धान खरीदी केंद्र में सोमवार को किसानों ने भारी हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र में 40 किलो 600 ग्राम निर्धारित मानक के बजाय 1 किलो अधिक तौल ली जा रही है। किसानों का कहना है कि धान में नमी बताकर हर बोरी से 1 किलो अतिरिक्त कटौती की जा रही है, जिससे उनका आर्थिक नुकसान हो रहा है।
यह भी पढ़े :- दुर्ग में लुटेरा दूल्हा गिरफ्तार: 4 शादियां, करोड़ों की ठगी, शिक्षिका बनी शिकार
अतिरिक्त तौल को लेकर किसानों में तीखा आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
इसी बीच जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक भी किसानों के समर्थन में खरीदी केंद्र पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से इस समस्या की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन किसी भी स्तर पर समाधान नहीं हो रहा।
मान-मनौवल के प्रयासों के बीच किसानों का प्रदर्शन देर तक जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को समझने और किसानों को शांत कराने में जुटे रहे।



