रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से ‘श्री राम लला दर्शन योजना’ के तहत श्रद्धालुओं से भरी विशेष ट्रेन को अयोध्या धाम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर भक्ति और जयघोष से गूँज उठा, जहां सांसद का स्वागत श्रद्धालुओं और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ से किया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, मंगलमय और पुण्यदायी यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बताया कि यह पहला दल है जो अयोध्या में भव्य मंदिर में धर्म ध्वज स्थापना के बाद रवाना हुआ है। छत्तीसगढ़ से यह 17वाँ दल है, जिसमें लगभग एक हजार श्रद्धालु शामिल हैं और उन्हें श्री राम लला के दर्शन का अवसर प्राप्त होगा।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के अनुरूप राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं आध्यात्मिक पहल का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें हर नागरिक को निःशुल्क दर्शन का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि इस योजना की शुरुआत उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री रहते हुए की थी। उनके कार्यकाल में पर्यटन विभाग और IRCTC के सहयोग से गरीब, वंचित और 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई थी, ताकि कोई भी आर्थिक या दूरी की वजह से प्रभु श्री राम के दर्शन से वंचित न रहे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या के अलावा वाराणसी में बाबा विश्वनाथ, संकट मोचन और बाबा काल भैरव समेत कई पवित्र स्थलों के दर्शन का भी अवसर मिलेगा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक यात्रा का शुभारंभ था, बल्कि जनसेवा, संवेदनशीलता और समर्पित नेतृत्व का भी प्रेरक उदाहरण रहा।
इस अवसर पर माननीय मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



