रायपुर। भाटापारा के गुरुकुल स्कूल में शनिवार को आयोजित सांसद खेल महोत्सव के ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में भाग लेना ही असली जीत है, क्योंकि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का साहस पैदा करता है।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल का खिलाड़ियों, आयोजकों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। महोत्सव में रस्साकसी, गेड़ी दौड़ और अन्य विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं और प्रतिभागियों को सांसद ने पुरस्कार और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि युवा शक्ति ही नया भारत की असली ताकत है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युवा खेल के मैदान में पसीना बहाकर न केवल व्यक्तिगत उत्कृष्टता हासिल करते हैं, बल्कि देश के विकास और वैश्विक नेतृत्व में भी योगदान कर सकते हैं। सांसद ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करता है और उन्हें टीम- स्पिरिट, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच सिखाता है।

सांसद ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन तभी सफल है जब हर बच्चा खेल को जीवन का हिस्सा बनाकर आगे बढ़ने का संकल्प ले। इस अवसर पर पूर्व विधायक शिव रतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



