रायपुर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मेकाहारा, रायपुर में बीजापुर नेत्रकांड के प्रभावित मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार पर कड़ा निशाना साधते हुए कहा कि गरीब जनता और आदिवासियों को स्वास्थ्य विभाग की खस्ताहाल व्यवस्था और नकली दवाओं की वजह से भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।
बैज ने बताया कि मरीजों के ऑपरेशन के बाद इन्फेक्शन नकली ड्राप और दवाइयों के कारण हुआ है, जिससे प्रदेश में आंखों की रोशनी और लोगों की जान जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में दुर्ग में दो महिलाओं की नसबंदी के बाद मौत हुई थी, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में नकली दवाइयों का चलन और भ्रष्टाचार के कारण लोगों की जान खतरे में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजापुर नेत्रकांड के प्रभावितों के बेहतर इलाज की मांग करते हुए कहा कि उन्हें चेन्नई के बड़े नेत्र अस्पताल में इलाज कराना चाहिए, साथ ही प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।



