रायपुर। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस मौके पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोक कला और परंपराओं ने विदेश में अपनी विशेष छाप छोड़ी। कार्यक्रम में North America Chhattisgarh Association (NACHA) के बे एरिया चैप्टर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उजागर किया।
NACHA ने छत्तीसगढ़ राज्य को समर्पित एक आकर्षक स्टॉल लगाया, जिसमें राज्य के हस्तशिल्प, पारंपरिक आभूषण, लोक कला और विशिष्ट उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इस स्टॉल ने उपस्थित अतिथियों और वहां बसे भारतीय प्रवासी समुदाय का ध्यान खींचा और छत्तीसगढ़ की विविध सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
सभी उपस्थित लोगों के लिए समारोह का सबसे रोमांचक पल था छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य का प्रस्तुतीकरण। पारंपरिक वेशभूषा में प्रदर्शित यह लोकनृत्य न केवल दर्शकों को मनोरंजन प्रदान करता रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा को भी विदेशी भूमि पर जीवंत कर गया। NACHA के सदस्यों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने की प्रतिबद्धता दिखाई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने NACHA बे एरिया चैप्टर के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़वासी राज्य के “सांस्कृतिक राजदूत” हैं, जो अपनी जड़ों से जुड़े रहकर छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और मूल्यों को पूरी दुनिया में पहचान दिला रहे हैं। इस आयोजन ने प्रवासी समुदाय और मूल राज्य के बीच भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती प्रदान की।



