भिलाई। सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में सोमवार को चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। एक ही कक्षा के दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद एक छात्र ने सहपाठी पर चाकू से पीठ और कंधे पर वार कर दिया।
यह भी पढ़े :- नक्सल लीडरों के परिजनों से मिले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, की पुनर्वास की अपील
घटना में घायल छात्र को उसके पिता ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घायल छात्र के परिजनों ने भिलाई नगर थाने में आरोपी छात्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी निवासी ऑटो चालक रमेश महतो का बेटा रवि महतो स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ता है। सोमवार को क्लास में उसका साथी छात्र विकास बाघ से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि विकास ने रवि पर चाकू से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही रवि के पिता स्कूल पहुंचे और उसे तत्काल शासकीय अस्पताल, दुर्ग में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, रवि की पीठ और कंधे पर चोट आई है और फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है।
पुलिस ने आरोपी छात्र से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों ने चिंता जताई है।



