Delhi Red Fort Blast Updates : राजधानी दिल्ली में हुए धमाके की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड डॉ. उमर की मौत हो गई है। श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डॉ. उमर की मां का डीएनए सैंपल लिया है, ताकि विस्फोट स्थल से मिले अवशेषों की वैज्ञानिक पुष्टि की जा सके।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “हमने घटनास्थल से बरामद अवशेषों का मिलान करने के लिए डॉ. उमर की मां का डीएनए सैंपल लिया है, जिससे उनकी पहचान की पुष्टि हो सके।”
फरीदाबाद से डॉक्टर शाहीन गिरफ्तार
इस मामले में जांच एजेंसियों ने डॉ. शाहीन नामक महिला डॉक्टर को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। शाहीन मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली है। उसके पिता शाहिद अंसारी ने कहा, “मेरी बेटी ऐसा नहीं कर सकती, वह निर्दोष है।” उन्होंने बताया कि एक महीने पहले ही बेटी से बात हुई थी। परिवार में शाहीन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है।
अमित शाह ने जांच एनआईए को सौंपी
गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद दिल्ली धमाके की जांच एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) को सौंप दी है। अब एनआईए के साथ अन्य केंद्रीय एजेंसियां मिलकर घटनास्थल से मिले सुरागों को खंगाल रही हैं।
एनआईए को जांच सौंपने की वजह
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, धमाके की जांच एनआईए को इसलिए सौंपी गई है क्योंकि इस साजिश के तार देश के अन्य राज्यों से भी जुड़े होने की आशंका है। एनआईए की टीमें इन कड़ियों को जोड़ने और घटना की जड़ तक पहुंचने में जुटी हैं।
उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक में अहम अधिकारी शामिल
दिल्ली में हुई बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो प्रमुख तपन डेका, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और एनआईए महानिदेशक सदानंद वसंत मौजूद रहे।
दिल्ली पुलिस ने यूएपीए के तहत केस दर्ज किया
वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी इस मामले में यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम) और विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजधानी में कई जगहों पर छापेमारी जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस कार में ब्लास्ट हुआ, उसका चालक फरीदाबाद के एक आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था।




