Chhattisgarh Crimes : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुंदेली गांव स्थित सीआरपीएफ कैंप के पास अज्ञात दरिंदों ने एक महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में आक्रोश है।
यह भी पढ़े :- पुलिस की कार्रवाई : जुआ खेलते 6 जुआरी गिरफ्तार, 4,700 रुपये जब्त
जानकारी के अनुसार, मृतका नवरात्रि में भांसी के मासापारा देवी मंदिर में पूजा-पाठ कर रही थी। दशहरे पर अपने गांव लौटते समय अज्ञात आरोपी उसे रास्ते से उठाकर जंगल ले गए। वहां उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। पुलिस को जंगल से महिला का शव संदिग्ध हालात में मिला है। शरीर पर खरोंच और गहरे घसीटने के निशान मिले हैं। घटनास्थल से महिला का मोबाइल फोन भी मिला, जो फ्लाइट मोड पर था।
इस घटना को लेकर सीपीआई ने कड़ा विरोध जताया है। जिला सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य जीतेंद्र सोरी ने कहा कि बस्तर में पहले इस तरह की बर्बर घटनाएं नहीं होती थीं, लेकिन हाल के दिनों में ऐसी वारदातें बढ़ी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए, तो सीपीआई उग्र आंदोलन करेगी। (Chhattisgarh Crimes)
ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। (Chhattisgarh Crimes)



