सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध कोयला खनन और तस्करी का धंधा एक बार फिर तेज़ होता नजर आ रहा है। लखनपुर और उदयपुर क्षेत्र अब कोयला माफियाओं के नए ठिकाने बनते जा रहे हैं, जहां जंगलों को नुकसान पहुंचाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है।
उदयपुर थाना पुलिस ने हाल ही में बड़ी कार्रवाई करते हुए पोतका–जमटी पारा के जंगल किनारे छिपाकर रखा गया करीब 3 टन अवैध कोयला जब्त किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस कोयले को अवैध रूप से निकालकर ईंट भट्टों तक पहुंचाने की तैयारी थी। साथ ही, वैध कोयला खदानों से चोरी की भी प्रबल आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, तस्कर अब सीधे सामने आने के बजाय स्थानीय लोगों को आगे कर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं, जिससे मुख्य सरगना कानून की पकड़ से बाहर रहें।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तस्करी का यह नेटवर्क बिश्रामपुर, भटगांव, राजपुर और प्रतापपुर क्षेत्रों तक फैलता नजर आ रहा है, जहां गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति की पहचान कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े बड़े नामों का खुलासा हो सकता है, और पूरे तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसने की रणनीति तैयार कर ली गई है।



