बिलासपुर। जिले के तखतपुर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। घोरामार गांव स्थित फेकूबांध तालाब में रविवार सुबह एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। शुरुआती जांच में युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को शव के शरीर पर भारी वस्तु बांधकर पानी में फेंके जाने के संकेत मिले हैं, जिससे यह मामला संदिग्ध हो गया है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी के अनुसार, शव को पानी से बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल की गहराई से जांच की है और आसपास के इलाकों में लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



