बलरामपुर। रामचंद्रपुर विकासखंड के प्राथमिक शाला जावाखाड़ (ग्राम पंचायत पलगी) में दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र भागीरथी यादव के साथ शिक्षक उदय यादव ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। गिनती में गलती होने पर शिक्षक ने बच्चे के चेहरे पर लगातार थप्पड़ जड़ दिए, जिससे उसकी आंख से खून बहने लगा और पूरा चेहरा सूज गया।
यह भी पढ़े :- कार पार्किंग विवाद में पिस्तौल दिखाकर धमकी, A.T. प्लाज़ा टाउनशिप में तनाव
परिजनों का गंभीर आरोप है कि शिक्षक उदय यादव अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं और घटना के समय भी वे नशे में थे। रोते-बिलखते घर पहुंचे बच्चे ने पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन त्रिकुंडा थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
ग्राम जावाखाड़ में घटना के बाद भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने शिक्षक की तत्काल बर्खास्तगी और बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त व्यवस्था की मांग की है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने जांच शुरू करने की बात कही है। DEO ने कहा, “दोष साबित होने पर शिक्षक पर सबसे सख्त कार्रवाई होगी।” त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने भी मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने की पुष्टि की है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और लोग शिक्षक के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।



