रायपुर। शहर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल झपटने की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया। शहजाद अली (30) और सोनू निषाद (25) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 चोरी किए गए मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। जप्त माल की कुल कीमत लगभग 1,41,000 रुपये है।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर मेमू हादसा: CRS ने अचानक लिया असिस्टेंट लोको पायलट का गोपनीय बयान, सिग्नलिंग में मिली गंभीर खामियां
जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2025 को यदुवंशी चौक हीरापुर से पैदल जा रही प्रार्थीया के ओप्पो A3 प्रो मोबाइल को मोटरसाइकिल सवार आरोपी ने झपट लिया। घटना के बाद थाना प्रभारी कबीर नगर के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबीर नेटवर्क के जरिए आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शहजाद अली निवासी रावांभाटा खेल मैदान और सोनू निषाद निवासी हरदेलाल चौक रावांभाटा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी मोबाइल, मोटरसाइकिल CG-04 MN-3262, और अन्य साक्ष्य जब्त कर न्यायालय में पेश किया गया।



