रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा (SSE) 2025 के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश सरकार के विभिन्न ग्रुप-2 और ग्रुप-3 कैडर में कुल 238 पदों पर नियुक्तियाँ की जाएँगी। इच्छुक उम्मीदवार 1 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार उप समाहर्ता के 14, पुलिस उपाधीक्षक के 28, राज्य कर सहायक आयुक्त के 10, जिला आबकारी अधिकारी के 2, श्रम अधिकारी के 2, जिला रजिस्ट्रार के 3, रोजगार अधिकारी के 3 पद शामिल हैं। इसके अलावा मुख्य नगरपालिका अधिकारी ग्रेड बी के 18 और ग्रेड सी के 29 पद, नायब तहसीलदार के 51 पद, वाणिज्यिक कर निरीक्षक के 16 पद, आबकारी उप-निरीक्षक के 11 पद और सहायक जेलर के 6 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य है। अंतिम वर्ष के विद्यार्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं, लेकिन मुख्य परीक्षा की अंतिम तिथि तक उन्हें डिग्री पूरी करनी होगी। राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रोफेशनल या तकनीकी डिग्री वाले उम्मीदवार भी पात्र होंगे।
शुल्क के संबंध में अन्य राज्यों के सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये, जबकि छत्तीसगढ़ के स्थानीय सामान्य, ओबीसी, एससी/एसटी उम्मीदवारों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्कमुक्त रखा गया है। इसके अतिरिक्त पोर्टल शुल्क और जीएसटी अलग से देय होंगे।



