रायपुर। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने राजधानी शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए जोन 6 का दौरा किया और वार्ड पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि सफाई सुधार उनकी प्राथमिकता है और सभी घरों से प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
महापौर ने जोन 6 कार्यालय में नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षदों और रामकी कंपनी के स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सफाई कार्य की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित और ठेका सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए और कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने कहा कि शहर का कचरा प्रतिदिन उठना चाहिए और राजधानी के अनुरूप सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी सख्त कदम उठाए जाएंगे। दुकानदारों को सफाई के प्रति जागरूक करने, बाजारों में डस्टबिन लगाने और कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य मार्गों, नालियों और बाजारों की सफाई व्यवस्था सुधारने को प्राथमिकता देने के लिए अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया।
इस अवसर पर महापौर ने वार्ड पार्षदों, जोन अधिकारियों और रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों को स्वच्छता शपथ दिलाई और कहा कि सफाई में कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि वे स्वयं नियमित निरीक्षण करें और शहर को राजधानी के अनुरूप साफ-सुथरा बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।



